मेरठ के सरुरपुर थाना क्षेत्र में एनकाउंटर में बदमाश वसीम के मारे जाने के बारे में पुलिस ने जहानपुरा गांव के प्रधान को सूचना दी। हालांकि मालूम चला कि वसीम का भाई मुकीम काला, उसका पिता मुस्तकीम और मां मीना भी जेल में बंद है।
बृहस्पतिवार को कैराना क्षेत्र के गांव जहानपुरा निवासी वसीम को मेरठ जिले में एसटीएफ और पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान मार गिराया। बृहस्पतिवार शाम पुलिस ने इस बारे में उसके परिजनों को सूचना देने के लिए जहानपुरा गांव के प्रधान से संपर्क किया। प्रधान ने बताया कि वसीम के परिवार में से उसका भाई मुकीम काला, पिता मुस्तकीम और मां मीना जेल में बंद है। पुलिस ने कहा कि उसके परिवार में अन्य जो भी व्यक्ति है, उसे सूचना दे दो, ताकि मेरठ से पोस्टमार्टम के बाद उसका शव लाया जा सके। गौरतलब है कि पुलिस ने वसीम की मां मीना को गत माह 18 अगस्त को गिरफ्तार करके दो किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद किया था, तब से वह जेल में बंद है। उससे पूर्व में वसीम के पिता मुस्तकीम को गिरफ्तार किया गया था।