गढ़ीपुख्ता। गांव पेलखा में पूर्व उप प्रधान योगेंद्र सिंह की हत्या के मामले में पुलिस एक माह से ज्यादा का समय बीत जाने के बावजूद भी किसी भी नतीजे पर नहीं पहुंच पाई है। 29 नवंबर की रात को गांव पेलखा के पूर्व उप प्रधान योगेंद्र सिंह की अज्ञात लोगों ने खेत पर ही गला काटकर हत्या कर दी थी। घटना का पता उस समय हुआ था जब परिजन खेत पर पहुंचे थे। एसपी अजय कुमार और एएसपी अजय प्रताप सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी लेते हुए पुलिस को जल्द हत्यारों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। मृतक के पुत्र बंटी ने अज्ञात में गढ़ीपुख्ता थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। हत्याकांड के खुलासे के लिए चार टीमों का भी गठन किया गया था, लेकिन एक माह से ज्यादा का समय बीत जाने के बाद भी पुलिस आज तक खुलासा नहीं कर सकी। इसे लेकर परिजनों में रोष है। थाना प्रभारी कपिल गौतम ने बताया कि हत्याकांड के खुलासे के लिए टीम लगी हुई है। जल्द ही इसका खुलासा किया जाएगा।