किला गेट सामने लगेंगी ठेलियां
अमर उजाला ब्यूरो
कैराना। कस्बे में नागरिकों को अतिक्रमण की समस्या से निजात दिलाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। ठेली वालों को टोकन व्यवस्था लागू कर उन्हें किला गेट चौकी के सामने पालिका की खाली जमीन में लगाने की योजना है। एसडीएम और व्यापारियों के बीच हुई बैठक में कई मसलों पर चर्चा की गई।
शुक्रवार को एसडीएम डॉ. अमित पाल शर्मा ने व्यापारियों के साथ बैठक की। एसडीएम का कहना था कि बाजारों में अतिक्रमण की वजह से सबसे ज्यादा परेशानी महिला और छात्राओं को होती है। उन्होंने कहा कि स्थायी रूप से रेहड़ी, ठेली लगाने वाले लोगों के खड़े होने की व्यवस्था किला गेट पुलिस चौकी के सामने सराय में पालिका की भूमि पर कराई जाएगी और उन्हें टोकन भी दिया जाएगा, जिससे बाजारों में भीड़ कम होगी। अस्थायी ठेली लेकर इधर-उधर लेकरघूमने वालों को टोकन नहीं दिए जाएंगे। एसडीएम ने बाजारों में साप्ताहिक बंदी पूर्ण रूप से लागू करने के निर्देश दिए। कहा कि आने वाले साप्ताहिक बंदी के दिन वह टीम के साथ बाजारों का भ्रमण करेंगे, यदि दुकानें खुली मिलीं, तो कार्रवाई होगी। श्रम विभाग अफसरों के खिलाफ भी रिपोर्ट दी जाएगी। एसडीएम ने कहा कि एसिड विक्रेता यह सुनिश्चित कर लें कि किसी भी नाबालिग को एसिड न दिया जाए । वयस्क को एसिड देकर उनकी फोटो और आईडी लेकर रिकार्ड में लगाना होगा। 15 दिन में अपने रजिस्टरों का सत्यापन कराया जाए। इस दौरान एसडीएम ने व्यापारियों से भी सुझाव एवं समस्याएं जानी। व्यापारी ने बाजारों में भारी वाहनों के प्रवेश होने के कारण जाम का मामला उठाया। एसडीएम ने पालिका को सड़क़ों के बीच पिलरों की मरम्मत कराने के निर्देश दिए, ताकि कोई भी बड़ा वाहन बाजार में जा सके। व्यापारियों ने कहा कि कस्बे में बस स्टैंड बनाया जाना बहुत जरूरी है। इस पर एसडीएम ने बताया कि उन्होंने एक दिन पहले ही शामली डिपो के एआरएम को बुलाकर पीडब्लूडी की जमीन दिखाई थी। उक्त जमीन को रोडवेज खरीद कर बस अड्डे को निर्माण कराए। इसके लिए प्रयास शुरू किए गए हैं। एसडीएम ने व्यापारियों के आग्रह पर उन्हें खुद अतिक्रमण हटाने के लिए एक सप्ताह का समय दिया है, जिसके बाद कार्रवाई करने के बारे में भी चेताया गया। बैठक में सीओ राजेश कुमार तिवारी, नायब तहसीलदार कामेंद्र गुप्ता के अलावा व्यापारी संजय सिह, अनिल गुप्ता, बैैैभव जैन, वरुण सिंघल, आदि मौजूद रहे।