दिव्यांग युवती से घर में घुसकर दुष्कर्म
कांधला। कस्बा कांधला के एक मोहल्ले में पड़ोसी ने घर में घुसकर दिव्यांग युवती से दुष्कर्म किया। पीड़िता की विधवा मां ने आरोपी के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
कस्बा कांधला के एक मोहल्ला निवासी महिला ने बृहस्पतिवार सुबह कांधला थाने पहुंचकर तहरीर दी। महिला ने पुलिस को बताया कि बुधवार रात पड़ोसी युवक उनके घर में घुस गया। आरोप है कि उसकी दिव्यांग बेटी को तमंचे से आतंकित करके दुष्कर्म किया। शोर मचाने पर आरोपी युवक भागने लगा। परिवार के लोगों ने बाहर से दरवाजा बंद किया, तो आरोपी युवक ने तमंचे से युवती को गोली मारने की धमकी दी। पीड़िता ने रात में ही डायल 100 पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने रात में ही आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए दबिश दी, लेकिन आरोपी हाथ नहीं आया। आरोपी के चाचा को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। उधर, चाचा को पकड़ने पर आरोपी पक्ष के लोगों ने हंगामा किया और पीड़िता के घर पहुंचकर भी गाली गलौज की गई तथा फैसले का दबाव बनाया। थाना प्रभारी अनिल कुमार सिंह ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है, आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।