गांव खंद्रावली निवासी व्यापारी के साथ लूट के बाद गोली मारे जाने के मामले में पुलिस के हाथ खाली है। जिस पर व्यापारी वर्ग के पदाधिकारियों ने वारदात का खुलासा न होने पर रोष प्रकट किया है।
थाना क्षेत्र के गांव खंद्रावली निवासी व्यापारी प्रदीप गांव में ही किरयाना की दुकान करता है। करीब 15 दिन पूर्व व्यापारी शाम के समय अपने 27 वर्षीय पुत्र रोहित के साथ गांव से शामली जा रहा था। जैसे ही दोनों पिता पुत्र खंद्रावली पुलिस चौकी के करीब पहुंचे तो कुछ बदमाशों ने उनका रास्ता रोककर उनके साथ लूटपाट कर 55 हजार की नगदी लूट ली थी। विरोध पर बदमाशों ने रोहित को गोली मार दी थी। रोहित के पिता प्रदीप ने थाने में उक्त प्रकरण को लेकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस घटना के खुलासे को लेकर तभी से लगी हुई है, लेकिन आज तक खुलासा नहीं हो पाया है। शनिवार को पीड़ित परिवार के लोगों ने व्यापारी वर्ग के पदाधिकारियों के साथ थाना प्रभारी से मुलाकात की। उन्होंने वारदात के खुलासा न किए जाने पर रोष प्रकट किया। थाना प्रभारी ओपी चौधरी ने पीड़ित परिवार के लोगों को आश्वासन दिया कि वारदात के खुलासे को लेकर पुलिस के हाथ कई अहम सुराग लगे हैं। जल्द ही खुलासा कर दिया जाएगा।