झिंझाना।
समाज कल्याण विभाग के कर्मचारी बताकर ग्रामीणों से ठगी करने वाले दो युवकों को शक होने पर ग्रामीणों ने दौड़ा दिया। मामले की पुलिस से शिकायत की गई है।
गांव बिड़ौली म्यान कस्बा में रविवार को बाइक से दो युवक खुद को समाज कल्याण विभाग के कर्मचारी बताते हुए नाथीराम के घर पहुंचे। जहां प्रधान द्वारा बनवाये गए शौचालय को देखकर कहा की इसकी रिपोर्ट शासन को भेजनी है। अपने परिवार के आधार कार्ड दिखाओ। जिस पर नाथीराम ने अपना और पत्नी मूर्ति के अलावा मां रामकली के आधार कार्ड उन्हें सौंप दिए। इस पर युवकों ने स्वीप मशीन में नंबर फीड करने के बाद उनकी उंगलियों के निशान लेकर चलने लगे। जिस पर नाथीराम को शक हुआ और शोर मचाते हुए उनके पीछे भागा। युवकों ने उसे धक्का देकर बाइक से फरार हो गए। घटना के बाद लोगों की भीड़ जमा हो गई। दोनों ठगों की तलाश भी की गई, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला। नाथीराम ने बताया कि उसके व परिवार का बैंक खाता सर्व यूपी ग्रामीण बैंक प्रवर्तक पीएनबी बिड़ौली में है। बैंक में नया साफ्टवेयर अपलोड होने के चलते उनके खातों से नकदी नहीं निकल सकी है। बैंक प्रबंधक को जानकारी देकर खातों के लेनदेन पर रोक लगा दी गई है। पीड़ित ग्रामीण नाथीराम ने तहरीर थाना झिंझाना में दी है। उधर, थाना प्रभारी संदीप बालियान ने बताया की तहरीर के आधार पर मामले की जांच कराई जा रही है।