कैराना क्षेत्र के गांव दभेड़ी खुर्द में ट्रैक्टर चलाकर देवस्थान तोड़ने और विरोध करने पर हमला करने वालों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है। पीड़ित परिवार के लोगों ने एसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत की।
शुक्रवार को दभेड़ी खुर्द निवासी संजीव पुत्र कर्म सिंह अन्य ग्रामीणों के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा। बताया कि गांव के ही कोसर, सादा उर्फ नौशाद, गय्यूर, फैय्याज और अफसरून ने चार जुलाई की सुबह उसके खेत की डोल तोड़ दी तथा देवस्थान क्षतिग्रस्त कर दिए। विरोध करने पर आरोपियों ने जाति सूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए लाठी डंडे से पीटकर घायल कर दिया। मामले में कैराना थाने पर आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी गई, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है। उनकी मांग है कि आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के साथ ही गिरफ्तारी कराई जाए। पुलिस अधीक्षक ने जांच और कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
जमीन पर कब्जा दिलाने की मांग
शामली। झिंझाना थाना क्षेत्र के गांव भाऊ माजरा में 120 बीघा जमीन पर मालिक को कब्जा नहीं लेने दिया जा रहा है। पीड़ित महिला और उनके बेटे ने शुक्रवार को डीएम इंद्र विक्रम सिंह से मुलाकात कर कब्जा दिलाने की मांग की। महिला ने बताया कि उसके पति की पूर्व में मृत्यु हो चुकी है। वह अपने बेटे के साथ दिल्ली में रहती हैं। गांव में उनकी करीब 120 बीघा जमीन है, जिस पर दूसरे समुदाय के लोगों ने जबरन अवैध कब्जा कर रखा है तथा खेती कर रहे हैं। वह गांव में जमीन पर कब्जा लेने जाते हैं, तो आरोपी पक्ष विवाद पर उतारू हो जाता है। डीएम ने मामले में झिंझाना थानाध्यक्ष को जांच कर आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया है।