पानी के विवाद में भाई पर हमला
कैराना।
गांव भूरा में नलकूप से पानी चलाने के विवाद पर दो भाइयों ने तीसरे भाई के साथ मारपीट करते हुए उसे फावड़ा मार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
बृहस्पतिवार दोपहर गांव भूरा निवासी बालेश अपने खेत पर पानी चलाने गया था। इस दौरान नलकूप से पानी चलाने को लेकर बालेश का अपने दो भाइयों के साथ झगड़ा हो गया। आरोप है कि दोनों भाइयों ने बालेश के ऊपर हमला कर दिया। एक भाई ने बालेश के सिर व कंधे पर फावड़ा मार कर उसे घायल कर दिया। बाद में आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए। सूचना पर डायल 100 पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल को कैराना सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां गंभीर हालत के चलते उसे रेफर कर दिया। कोतवाली प्रभारी भगवत सिंह ने बताया कि मामले में तहरीर आने पर कार्रवाई की जाएगी।