कांधला। शराब तस्कर को पकड़ने गई पुलिस पर हमला कर आरोपी को छुड़ाए जाने के प्रकरण में सात लोगों पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। साथ ही आरोपी की तलाश में कई स्थानों पर दबिश दी। गौरतलब है कि करीब एक माह पूर्व पुलिस को मुखबिर ने सूचना दी थी कि शराब माफिया हरियाणा राज्य से टैक्टर-ट्राली में अवैध शराब लेकर क्षेत्र में बेचने के लिए आ रहे है। सूचना पर पुलिस ने गांव डुंडूखेड़ा के जंगल में घेराबंदी करते हुए आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया था। मगर, शराब माफिया पुलिस पर फायरिंग करते हुए वहां से फरार हो गए थे। पुलिस ने ट्राली से लाखों रुपये की शराब बरामद कर अनिल, संदीप, मदन, मोनू सहित कई अन्य लोगों के खिलाफ पुलिस पार्टी पर जानलेवा हमला किए जाने का मुकदमा दर्ज किया था। चौकी प्रभारी मेजर सिंह ने बताया कि पुलिस को शुक्रवार दोपहर सूचना मिली थी कि गंगेरु निवासी शराब माफिया मदन अपने घर पर है। इस पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मदन को दबोच लिया था, लेकिन आरोपी के परिजनों ने पुलिस पर हमला कर आरोपी को छुड़ा लिया था। थाना प्रभारी ओपी चौधरी ने बताया कि पुलिस ने मदन सहित सात लोगों के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश में दबिश दी है।