कैराना (शामली)। आठ माह पूर्व लापता हुए दो बच्चों की खोज में बिहार पुलिस कोतवाली पहुंची। यहां बच्चों का सुराग नहीं लगने पर पुलिस मायूस लौट गई। बिहार के सूपोल जिले के थाना बीरपुर के एसआई ललन प्रसाद शुक्रवार को कोतवाली कैराना पहुंचे। उन्होंने बताया कि 30 अगस्त 2018 को उनके थाना क्षेत्र में स्कूल जाते वक्त आशुतोष (12), आनंद कुमार (13), रविशंकर (12) संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए थे। रविशंकर को उसी दिन बरामद कर लिया गया था, जबकि आशुतोष और आनंद कुमार का कोई सुराग नहीं लग सका था। इन दोनों बच्चों के कैराना में होने की जानकारी मिली थी। बिहार पुलिस ने ऊन इलाके में बच्चों की खोजबीन की। मगर, दोनों का कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद बिहार पुलिस लौट गई।