पिता की हत्या में गवाह को मिली जान से मारने की धमकी
कैराना। कोर्ट में विचाराधीन हत्या के मामले में गवाह बने मृतक के बेटे को आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी है। धमकी मिलने से परिवार में दहशत का माहौल बना है। मृतक के भाई की पत्नी ने कोतवाली में तहरीर देकर आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई तथा परिवार की सुरक्षा दिलाए जाने की मांग की है।
शनिवार को गांव तितरवाड़ा निवासी महिला कुंती ने कोतवाली पर तहरीर देकर बताया कि 13 अगस्त 2018 को उसके जेठ श्यामलाल की हत्या कर दी गई थी। हत्या का मामला कोर्ट में विचाराधीन चल रहा है। इस हत्याकांड में मृतक श्यामलाल का पुत्र पंकज गवाह है। पीड़िता के मुताबिक 12 जून की शाम करीब छह बजे पंकज घर पर बैठा हुआ था। इसी दौरान एक आरोपी तमंचा लेकर उसके घर में घुस आया तथा गालीगलौज करते हुए धमकी दी कि अगर उसने पांच जुलाई को कोर्ट में उनके खिलाफ गवाही दी तो जान से मार देंगे। शोरशराबा सुनकर मौके पर ग्रामीण इकट्ठा हो गए, जिस पर आरोपी फरार हो गए और गवाह की जान बचाई। धमकी मिलने के बाद परिवार दहशत में है। पीड़िता ने बताया कि उन्होंने उसी समय घटना की सूचना पुलिस चौकी और डायल 100 पुलिस को दी थी, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। पीड़िता ने आरोपी के विरुद्ध कार्रवाई करने और परिवार की सुरक्षा करने की पुलिस से गुहार लगाई है। कोतवाली प्रभारी यशपाल धामा ने बताया कि अभी तक यह मामला उनकी जानकारी में नहीं आया है। अभी वह थाने से बाहर हैं। थाने जाकर इस मामले की जानकारी करेंगे और तहरीर के आधार पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।