अगवा किशोरी बरामद, आरोपी गिरफ्तार
शामली। शहर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी 17 वर्षीय किशोरी को गांव का युवक पांच जून को बहला फुसलाकर अगवा कर ले गया था। परिजनों की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ बहला फुसलाकर अगवा करने और पोक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। कोतवाली प्रभारी सुभाष सिंह राठौर ने बताया कि पुलिस ने सूचना के आधार पर बस स्टैंड से आरोपी नवाब को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से किशोरी को बरामद कर लिया। आरोपी का चालान किया है।
लावारिस की सुरक्षा को मांगा पुलिसकर्मी
शामली। दो दिन पहले सड़क किनारे घायल अवस्था में मिले व्यक्ति को डायल 100 पुलिस ने सीएचसी शामली में लावारिस हालत में भर्ती कराया था। उसके पैर की हड्डी टूट गई थी। चिकित्सकों ने मरीज को अस्पताल में भर्ती कर लिया। मरीज ने अपना नाम नरेंद्र बताया। लेकिन दो दिन बाद भी उसके परिजन सीएचसी में नहीं पहुंचे। मरीज की देखरेख करने वाला कोई न होने के कारण उसकी सुरक्षा के लिए चिकित्सक ने कोतवाली प्रभारी से पुलिसकर्मी भेजे जाने की मांग की है। चिकित्सक का कहना है कि उन्होंने दो दिन पहले ही पुलिसकर्मी की मांग की थी। लेकिन अभी तक कोई पुलिसकर्मी नहीं पहुंचा।
महिला के साथ मारपीट
बाबरी। क्षेत्र के गांव भनेड़ा जट में सरकारी नल पर पानी भरने को लेकर विवाद में महिला से युवकों ने मारपीट कर दी। गांव निवासी माया ने बताया कि शुक्रवार देर शाम वह पड़ोस में सरकारी नल पर पानी भरने के लिए गई थी। नल पर मौजूद मोहल्ले के तीन युवकों ने उसके साथ गाली गलौच करते हुए मारपीट कर दी। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने एनसीआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
विवाहिता को घर से निकालने का आरोप
बाबरी। थानाक्षेत्र के गांव भंदौडा निवासी पूजा ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि पति समेत ससुराल वाले उससे बार-बार मायके से रुपये लाने की मांग करते है। एक बार वह मायके से एक लाख रुपये लाकर दे चुकी हूं। लेकिन ससुराल वाले फिर रुपये की मांग कर रहे है। आरोप है कि मायके से एक लाख लाकर देने से मना करने पर ससुराल वालों ने उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया। पीड़ित महिला ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया।