झिंझाना। हरियाणा के करनाल की एमएस कॉलोनी निवासी मंजू ने बुधवार को डायल 100 पुलिस को फोन कर गांव ढिंढाली में हनुमान मंदिर के निकट अपने सात वर्षीय पुत्र का दो लोगों द्वारा अपहरण किए जाने की सूचना दी। सूचना पर ऊन चौकी प्रभारी एसएन दहिया मौके पर पहुंचे और आरोपी व सूचना देने वाली महिला के पति को चौकी पर लाकर पूछताछ की। चौकी प्रभारी ने बताया की मंजू के पति शिवकुमार का गांव ढिंढाली में ननिहाल है। गगन निवासी गांव छछरौली थाना नानौता सहारनपुर की ढिंढाली में रिश्तेदारी है। शिवकुमार व गगन का आपस में रुपये का लेनदेन का मामला चल रहा है। पंचायत में हुए समझौते के बाद शिवकुमार ने रुपये नहीं दिए थे। बुधवार को शिवकुमार अपनी पत्नी मंजू के साथ ढिंढाली में आया हुआ था। उधर, गगन व उसका पिता शोभाराम भी आया हुआ था। दोनों में रुपयों को लेकर आपस में झगड़ा होने पर शिवकुुमार की पत्नी ने फोन पर अपहरण करने की झूठी सूचना दी थी। इसके चलते शिवकुमार व शोभाराम को पुलिस चौकी पर लाया गया है। मामले की जांच की जा रही है।