कैराना। मोहल्ला दरबार खुर्द रेतावाला में सफाई कार्य कर रहे पालिका कर्मचारियों से एक युवक ने अभद्र व्यवहार करते हुए जातिसूचक शब्द कहे। नगरपालिका परिषद कैराना के अधिशासी अधिकारी ने तहरीर देकर बताया कि पालिका के ठेका कर्मचारी आकाश हल्का छड़ियान के अंतर्गत मोहल्ला दरबार खुर्द रेतावाला में बृहस्पतिवार सुबह अन्य सफाईकर्मियों के साथ सफाई का कार्य कर रहे थे। इस दौरान वह गलियों से कूड़ा उठाकर नियत स्थान पर डाल रहे थे। आरोप है कि मोहल्ला निवासी एक युवक ने उन्हें कूड़ा डालने से मना करते हुए गाली-गलौज करते हुए जातिसूचक शब्द कह डाले। आरोपी द्वारा सरकारी कार्य में बाधा डाला गया, जिस कारण वहां पर सफाई कर्मियों द्वारा कार्य नहीं किया गया। मामले में आरोपी के विरुद्ध मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।