कैराना (ब्यूरो)। मोहल्ला खैलकलां काजी का बाग निवासी हाफिज मोहम्मद इस्लाम ने कोतवाली कैराना पर तहरीर देकर बताया कि वह गांव पंजीठ में एक मस्जिद में इमामत करता है। जहां पर उसकी पंजीठ निवासी युवक से बातचीत हुई, जिसके बाद दोनों ने प्रापर्टी का काम जोड़ते हुए प्लाट साझेदारी में खरीदने शुरू कर दिए। आरोप है कि उक्त साझेदार ने उससे लिए साढ़े छह लाख रुपये की रकम ठग ली। रकम ठगने के बाद आरोपी साझेदारी से अलग हो गया। इमाम ने बताया कि उसके द्वारा अपनी रकम वापस मांगने पर साझेदार उससे वादा करता रहा। बाद में आरोपी ने उसे धमकी दी कि यदि तूने रकम मांगी, तो अंजाम बुरा होगा। पीड़ित ने आरोपी के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस ने तहरीर लेकर जांच शुरू कर दी है।