बदमाशों ने युवक से मारपीट कर बाइक लूटी
कांधला। थानाक्षेत्र में गांव नाला के निकट दो बदमाशों ने बाइक सवार युवक को लाठी-डंडों से मारपीट कर घायल कर दिया और उसकी बाइक लूट ली। मंगलवार को थानाक्षेत्र के गांव इस्लापुर घसौली निवासी प्रवेश कुमार अपने खेत पर बाइक से किसी कार्य के लिए गया था। पीड़ित के अनुसार दोपहर में खेत से काम खत्म करने के बाद वह बाइक से घर लौट रहा था। रास्ते में गांव नाला इस्सोपुर मार्ग पर दो बदमाशों ने बाइक सवार को रुकने का इशारा किया, लेकिन अनजान लोगों को देखकर उसने बाइक नहीं रोकी। इस दौरान युवकों ने उसे डंडा मारकर रोक लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने उसके साथ मारपीट की और बाइक लूटकर फरार हो गए। थाना प्रभारी डीके त्यागी का कहना है कि प्रथम दृष्टया जांच में यह मामला बाइक पर लिफ्ट न देने के कारण मारपीट करने का मामला लग रहा है। आरोपी युवक आसपास के किसी गांव के हो सकते है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।