क्षेत्र के गांव इस्लामपुर घसौली निवासी किसान से पांच लाख रुपये रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। किसान को कॉल करके रंगदारी न देने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी गई है। पीड़ित किसान ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच के साथ ही धमकी देने वाले को तलाशने में जुटी है।
गांव इस्लामपुर घसौली निवासी ओमबीर ने सोमवार शाम कांधला थाना पुलिस को तहरीर दी। बताया कि उसके मोबाइल पर किसी अज्ञात ने कॉल करके पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगी। धमकी दी कि यदि पुलिस से शिकायत की, तो अंजाम बुरा होगा। जिसके बाद से ओमबीर का परिवार दहशत में है। पीड़ित ओमबीर की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। वह नंबर भी पुलिस को बताया गया है, जिससे रंगदारी की धमकी दी गई। थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार सिंह का कहना है कि पीड़ित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। धमकी देने वाले को शीघ्र ही गिरफ्तार किया जाएगा।
मंदिर के पास घायल पड़ा मिला ग्रामीण
कांधला। थाना कांधला क्षेत्र के गांव डांगरोल निवासी हरेंद्र (45) सोमवार शाम गांव के शिव मंदिर के पास घायलावस्था में पड़ा मिला। ग्रामीणों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने घायल को कांधला के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सक ने उसको जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया।