शामली। थाना आदर्श मंडी क्षेत्र के गांव सिलावर निसासी दलित बिरादरी के मोनू और उसका भाई गौरव मजदूरी करते हैं। आरोप है कि बुधवार को गांव के ही जाट बिरादरी के हरबीर और जयबीर ने दोनो भाईयों को जबरन मजदूरी पर ले जाने का प्रयास किया। युवकों ने मना कर दिया तो इसे लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि क्रोधित होकर आरोपी पक्ष ने घर में घुसकर दोनों भाइयों पर हमला कर दिया। बीच बचाव करने आई मोनू की पत्नी रविता को भी घायल कर दिया। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना दिए जाने पर आदर्श मंडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को शामली सीएचसी पहुंचाया। वहां से मोनू और गौरव को गंभीर हालत के चलते जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। पीड़ितों के परिजनों ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपी पक्ष के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।