कांधला।
थाने में दो किशोरों की पिटाई करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से पुलिस महकमे में खलबली मच गई।
कस्बा कांधला के मोहल्ला खैल निवासी दो किशोर मंगलवार शाम को थाने में घुसकर वहां से प्लास्टिक बोतलें व अन्य कबाड़ उठाने लगे। इस दौरान थाने में तैनात पुलिसकर्मी की नजर पड़ गई। आरोप है कि पुलिसकर्मी ने किशोरों को पक़ड़ लिया। उनसे थाने में सफाई कराई और पानी भरवाया। फिर दफ्तर में ले जाकर दोनों किशोरों की फट्टे से पिटाई कर दी। इस घटनाक्रम की किसी ने मोबाइल फोन से वीडियो बना ली और साथ ही सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। बुधवार को एसपी डाक्टर अजयपाल शर्मा के संज्ञान में मामला पहुंचा, तो उन्होंने किशोर की पिटाई करने वाले पुलिसकर्मी को थाने से हटा दिया। थाना प्रभारी उमेश रोरिया का कहना है कि हेड मोहर्रिर का पूर्व में थानाभवन तबादला हो चुका है। वह मालखाने का चार्ज देने थाने आया था। इसके बाद उसे थानाभवन रवाना कर दिया गया है। गौरतलब है कि इससे पूर्व में थाने में तैनात दरोगा राशिद और राजकुमार गौतम का रुपये लेते हुए वीडियो वायरल हुआ था। इस मामले को लेकर भी कांधला थाना पुलिस की खूब किरकिरी हुई थी, लेकिन पुलिस ने नाटकीय ढंग से मामला निपटा दिया था।