कैराना में हरियाणा की सीआईए की दबिश
कैराना। सीआईए हरियाणा ने चोरी के अलग-अलग मामलों में पानीपत की सीआईए टीम ने दबिश दी है।
मंगलवार शाम पानीपत के सीआईए-1 में तैनात एसआई दिलबाद सिंह और एसआई राजेश ने कोतवाली पर आमद दर्ज कराने के बाद क्षेत्र के ग्राम तितरवाड़ा में दबिश दी। इस दौरान टीम अपने साथ में एक आरोपी को भी लिए हुए थी। शाम तक सीआईए क्षेत्र में दबिश पर थी। इससे पहले सुबह को पानीपत की सीआईए-3 के एसआई छबीर सिंह और एएसआई कृष्ण कुमार ने अपनी टीम के साथ कोतवाली में आमद दर्ज कराई। सीआईए के एसआई ने बताया कि उनके क्षेत्र में शाही बाबा चैक पानीपत के रहने वाले युवक को चोरी के सात लैपटॉप के साथ गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में लैपटॉप को कैराना के मोहल्ला रेतावाला निवासी महिला से खरीदे जाने की बात कही। आरोपी की निशानदेही पर सीआईए ने स्थानीय पुलिस के साथ दबिश दी, लेकिन आरोपी पकड़ में नहीं आ सकी। इसके बाद टीम बैरंग लौट गई। बताया गया है कि आरोपी महिला कैराना कोतवाली से पहले भी चोरी के लैपटॉप में जेल गई थी।
लेखपाल के खिलाफ ग्रामीणों का हंगामा
कैराना। गोगवान के ग्रामीणों ने एक लेखपाल पर डोल के विवाद में सुविधा शुल्क मांगने का आरोप लगाते हुए तहसील पर हंगामा किया।
मंगलवार को गांव गोवगान निवासी ग्रामीण तहसील मुख्यालय पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने बताया कि डोल को लेकर चल रहे विवाद के निपटारे की एवज में लेेखाल उनसे पैसे की मांग कर रहा है। तहसीलदार ने ग्रामीणों को समझाकर शांत किया और जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीण लौट गए।
खाई में गिरी चलती पिकअप
कैराना। सोमवार रात हरियाणा के सनौली निवासी काला अपनी पिकअप गाड़ी लेकर अन्य साथियों के साथ शामली जा रहे था। जब वे पानीपत बाईपास पर पहुंचे तो गाड़ी का अचानक संतुलन बिगड गया और बाईपास से नीचे खाई में जा गिरी, जिसमें चालक को मामूली चोटें आईं, जबकि उसमें सवार लोगों ने कूदकर जान बचाई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर गाड़ी को कब्जे में ले लिया।
खसरा-रुबैला के टीके लगाए
कैराना। मंगलवार को क्षेत्र के ग्राम दभेड़ीखुर्द में खसरा-रूबेला अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की ओर से टीकाकरण कैंप का आयोजन किया गया। इस अवसर पर गांव में 09 माह से 15 वर्ष तक के बच्चों को बीमारियों से बचाव को टीके लगाए गए। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कहा कि वायरस से ये बीमारी फैलती है, जिससे जान को खतरा बन जाता है। उन्होंने जागरूकता के साथ बच्चों का टीकाकरण कराए जाने का आह्वान किया। एएनएम इंदूकांत, आंगनबाड़ी संजीदा, आशा बबीता, ग्राम प्रधान पति मुंशाद अली चौहान का सहयोग रहा।