कांधला।
मनोरोगी किशोरी से दुष्कर्म करने के मामले में चार साल से फरार चल रहे पांच हजार रुपये के इनामी बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
कस्बा कांधला में कैराना रोड निवासी मनोरोगी किशोरी के साथ चार साल पूर्व दो युवकों ने दुष्कर्म किया था। पीड़िता के पिता की ओर से कस्बा कांधला निवासी सलीम और आरिफ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। उक्त मामले में दोनों आरोपी तब से फरार चल रहे थे। इसी के चलते पुलिस ने दोनों आरोपियों पर पांच पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। थाना प्रभारी अनिल कुमार सिंह ने बताया कि रविवार रात में सूचना मिली कि आरोपी सलीम कैराना रोड के समीप से कस्बा छोड़कर जाने की फिराक में लगा हुआ है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी सलीम को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से तमंचा और दो कारतूस बरामद हुए। सोमवार दोपहर आरोपी को न्यायालय में पेश करके जेल भेज दिया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि दूसरे आरोपी आरिफ को गिरफ्तार करने का प्रयास भी चल रहा है। उधर, कैराना पुलिस ने खुरगान रोड पर छापा मारकर जुआ खेलने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मुस्तकीम निवासी मेढकी दरवाजा, इसराइल निवासी खुरगान रोड, सदाम निवासी भूरा चुंगी व शहीद निवासी आलकला को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मौके से 280 रुपये भी बरामद किए।