पुलिस को नहीं मिली कामयाबी
शामली। जिला विद्यालय निरीक्षक अनुराधा शर्मा ने शनिवार शाम कोतवाली में तहरीर देकर बताया था कि वह गांव खेड़ीकरमू में अपने पति योगेशचंद शर्मा के साथ संजीव के मकान में किराये पर रहती है। उनके पति शामली में वन दरोगा के पद पर तैनात है। डीआईओएस ने बताया कि शनिवार को वे विभागीय कार्य से सहारनपुर गई थी। उनके पति भी अपने विभाग से संबंधित कार्य से उनके साथ गए थे। शाम को जब वे घर पहुंचे तो उन्हें घर की सेफ में रखे पांच लाख रुपये गायब मिले। डीआईओएस ने बताया कि यह रकम अपने किसी कार्य के लिए सोमवार को बैंक खाते से निकाली थी और सेफ में रख दी थी। सेफ का ताला लगा हुआ था। शनिवार शाम को जब सेफ देखी तो रकम गायब मिली। डीआईओएस ने मकान मालिक पर रकम गायब करने का शक जताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की। कोतवाली प्रभारी सुभाष सिंह राठौर ने बताया कि डीआईओएस की तरफ से चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मकान मालिक से पूछताछ की गई है, लेकिन अभी तक कोई पुख्ता जानकारी सामने नहीं आई है। मामले की जांच की जा रही है।