कैराना। एक पखवाड़ा पूर्व भूरा बाइपास चौराहे पर होमगार्ड पर रेत का डंपर चढ़ाने की कोशिश करने वाले चालक और उसके साथी को पुलिस ने गिरफ्तार करके चालान कर दिया। शामली को जाम से मुक्त रखने के लिए करनाल से आने वाले वाहनों को झिंझाना से कैराना भूरा बाइपास तथा पानीपत रोड से कांधला के रास्ते निकाला जाता है। इसके लिए भूरा बाइपास पर एक ट्रैफिक के दरोगा और होमगार्ड की ड्यूटी रहती है। एक पखवाड़ा पूर्व बसेड़ा खनन प्वाइंट की ओर से आ रहे रेत से लदे ओवरलोड डंपर को वहां तैनात होमगार्ड सतपाल ने नो एंट्री में रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि चालक ने डंपर से होमगार्ड को कुचलने की कोशिश की और फरार हो गया। दरोगा गजेंद्र सिंह के कंट्रोल रूम को सूचना देने पर पुलिस ने घेराबंदी करते हुए डंपर को गांव भूरा से लावारिस हालत में पकड़ लिया था। दरोगा गजेंद्र सिंह की ओर से कोतवाली में अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया गया था। कोतवाली प्रभारी भगवत सिंह ने बताया कि शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर पानीपत बाइपास तिराहे से आरोपी अरशद उर्फ छोटा निवासी गंदराऊ और जुबैर निवासी नानौता को गिरफ्तार करके चालान कर दिया।