झिंझाना। भाजपा नेता के गैस गोदाम पर हुई लूट के मामले में 24 घंटे बाद भी पुलिस के हाथ खाली है। बदमाशों का कोई सुराग नहीं मिल सका है। पुलिस का कहना है कि टीम लगी हुई हैं, जल्दी ही घटना का खुलासा किया जाएगा। भाजपा के जिला कोषाध्यक्ष अजय बंसल के कस्बा झिंझाना में ऊन रोड स्थित एचपी गैस के गोदाम पर बृहस्पतिवार को बदमाशों ने सेल्समैन को आतंकित करके एक लाख 36 हजार रुपये लूट लिए थे। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का मुआयना करने के साथ ही दो दिन में वारदात का खुलासा कराने की बात कही थी। वारदात को हुए 24 घंटे बीत गए हैं, लेकिन अभी तक बदमाशों की पहचान तक नहीं हो पाई है। थाना प्रभारी एमएस गिल का कहना है कि गैस एजेंसी संचालक का गोदाम आबादी से डेढ़ किलोमीटर बाहर जंगल में बना हुआ हैं। वहां सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं है और न ही सीसीटीवी लगवाया हुआ है। पुलिस की टीम बदमाशों की पहचान करने में लगी हुई है। पहचान होते ही बदमाशों को गिरफ्तार कर वारदात का खुलासा किया जाएगा।