शामली। कैराना क्षेत्र के एक गांव निवासी दुष्कर्म पीड़िता ने आरोपी पक्ष पर मुकदमे में फैसला न करने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
बृहस्पतिवार को दुष्कर्म पीड़ित युवती परिजनों के साथ पुलिस कार्यालय पहुंची। पीड़ितों ने एएसपी राजेश श्रीवास्तव को प्रार्थनापत्र देकर बताया कि करीब तीन माह पहले गांव के युवक ने कोल्ड ड्रिंक्स में नशीला पदार्थ दिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया था। कोर्ट के आदेश पर आरोपी के खिलाफ कैराना कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद भी पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया। आरोपी को कोर्ट ने 20 फरवरी तक पेश होने का आदेश दिया था, लेकिन आरोपी गांव में खुलेआम घूम रहा है। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी पक्ष मुकदमे में फैसला करने का दबाव बना रहा है और फैसला न करने पर जान से मारने की धमकी दे रहा है। पीड़ित पक्ष ने एएसपी से आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने की गुहार लगाई। एएसपी ने पीड़ित पक्ष को आरोपी के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया है।