दंपती के साथ हुई लूट प्रकरण में रिपोर्ट दर्ज
कांधला। कस्बे के पूर्वी यमुना नहर पटरी पर तीन दिन पूर्व दंपती के साथ हुई लूट प्रकरण में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है।
थानाभवन क्षेत्र के गांव मुंडेट निवासी अरुण अपनी पत्नी निधि के साथ बाइक से तीन दिन पूर्व पूर्वी यमुना नहर पटरी के रास्ते जनपद रमाला के गांव फतेहपुर एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। पीड़ित के अनुसार जैसे ही दंपती पूर्वी यमुना पटरी गांव जसाला के निकट पहुंचे, तो बाइक सवार दो बदमाशों ने दंपती को हथियारों के बल पर रोक लिया था। आरोप है कि दोनों बदमाशों ने महिला से मंगल सूत्र, कानों के कुंडल और सोने की अंगूठी सहित तीन मोबाइल और सात हजार रुपये की नगदी लूट कर फरार हो गए थे। पीडित दंपती ने मामले की सूचना पुलिस को दी थी। लूट की सूचना से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बदमाशों की तलाश में घंटों कांबिंग की थी, लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं लग सका था। पीड़ित दंपती ने अज्ञात में बदमाशों के खिलाफ लूट की तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर लूट का मुकदमा दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।