कैराना। ग्राम ऊंचागांव निवासी इकरार ने कोतवाली पर तहरीर देकर बताया कि वह गांव के विद्युत फीडर पर संविदा पर लाइनमैन नियुक्त है। बृहस्पतिवार की शाम करीब सात बजे वह गांव के निकट ही सर्वे के अनुसार किसान के खेत के लिए लाइन जोड़ने गया था। आरोप है कि दो किसानों ने उसे लाइन जोड़ने से मना कर दिया और कहा कि वह अपने खेत पर रखे विद्युत ट्रांसफार्मर से लाइन नहीं डालने देंगे। सर्वे की बात कहने पर उसके साथ मारपीट कर दी तथा फावड़ा लेकर उसके पीछे भाग पड़े। उसने मौके से भागकर अपनी जान बचाई। आरोपियों ने दोबारा लाइन खींचने आने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने पुलिस से आरोपियों के विरुद्घ रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।