पत्नी से विवाद होने पर आत्महत्या की कोशिश
शामली। शहर के मोहल्ला पंसारियान में पत्नी से विवाद होने पर युवक ने आत्महत्या करने की कोशिश में फांसी लगा ली। समय रहते मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंचे और युवक को फांसी के फंदे से नीचे उतारने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया। वहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
मोहल्ला पंसारियान निवासी मनोज (42) का उसकी पत्नी के साथ कुछ दिन पूर्व विवाद हो गया। इसके चलते पत्नी अपने मायके में चली गई। दो दिन पूर्व मनोज भी वहां पहुंचा, तो फिर से पत्नी से उसका विवाद हो गया। इसी कारण बृहस्पतिवार सुबह मनोज ने कमरे में छत के कुंदे से रस्सी बांधकर फांसी लगा ली। कमरे के बाहर मनोज का बेटा भी मौजूद था। उसने पिता को फांसी लगाते देख लिया और शोर मचा दिया। इसके बाद मोहल्ले के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए और मनोज को फांसी के फंदे से उतार लिया। इसके बाद उसको शहर के एक निजी चिकित्सालय में ले जाकर भर्ती कराया गया। बाद में सूचना मिलने पर युवक की पत्नी भी अस्पताल पहुंच गई।
सिलिंडर चोरी करने की कोशिश में पकड़ा युवक (फोटो)
शामली। शहर के मोहल्ला बूढ़ा बाबू में बृहस्पतिवार दोपहर एक युवक ने हॉकर की रिक्शा से सिलिंडर चोरी करने की कोशिश की। गैस एजेंसी के हॉकर नरेंद्र ने शोर मचा दिया, जिसके बाद लोग इकट्ठा हो गए। इसके बाद आरोपी युवक की जमकर पिटाई की और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस आरोपी युवक को पकड़कर शामली कोतवाली ले आई। मोहल्ले के लोगों ने पुलिस को बताया कि आरोपी युवक नशे का आदी है। इसी कारण उसने सिलिंडर चोरी करने की कोशिश की।