गांव बाबरी में खाद खरीदने आए किसान और उसके दो पुत्रों के साथ कुछ युवकों ने सड़क पर भैंसा बुग्गी खड़ी करने के विवाद पर गाली गलौज के मारपीट कर दी। पिटाई कर तीनों को घायल कर दिया।
थाना बाबरी क्षेत्र के बंतीखेड़ा निवासी मुन्ने खान सोमवार सुबह अपने बेटे राशिद और राकिब के साथ भैंसा बुग्गी से बाबरी में उर्वरक खरीदने पहुंचा। दुकान के बाहर ही उन्होंने भैंसा बुग्गी खड़ी कर दी। इसी दौरान रास्ते से बुग्गी हटाने के विवाद पर गांव बाबरी के कुछ युवकों ने उनके साथ गाली गलौज कर दी। विरोध करने पर मारपीट करने लगे तथा अपने कुछ साथियों को भी बुला लिया और किसान तथा उसके दोनों बेटों पर हमला कर दिया। इसके बाद आरोपी फरार हो गए। मुन्ने खान ने आरोपी ताहिर, सरफराज व राशिद ने अन्य अज्ञात युवकों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। बाबरी थाना प्रभारी का कहना है कि घायलोें का डाक्टरी परीक्षण करा दिया गया है। तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।
हादसों में दो लोग घायल
थानाभवन। अलग-अलग स्थान पर हुए सड़क हादसों में दो लोग घायल हो गए। चरथावल थाना क्षेत्र के गांव बुड्ढाखेड़ा निवासी अक्षय (22 वर्षीय) किसी कार्य से गांव मानकपुर में अपनी रिश्तेदारी में आया था। सोमवार सुबह वह बाइक से गांव जा रहा था। ऊन रोड पर वह हसनपुर ईंट भट्ठे के पास पहुंचा, तो एक कार ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में अक्षय गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की मदद से उसको थानाभवन स्थित सीएचसी ले जाया गया। वहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया। उधर, चरथावल थाना क्षेत्र के गांव नगला राईं निवासी वसीम अपनी मां शमीमा के साथ बाइक से थानाभवन की तरफ आ रहा था। कस्बा थानाभवन के पास ही बाइक फिसलकर गिरने पर वसीम की मां शमीमा घायल हो गई।