प्रधान के भतीजे की हत्या
कांधला(शामली)। गांव चढ़ाव के प्रधान के भतीजे की गाजियाबाद में गोली मारकर हत्या कर दी गई। बृहस्पतिवार सुबह उसका शव के गांव में पहुंचने पर परिवार में कोहराम मच गया।
क्षेत्र के गांव चढ़ाव निवासी मिंटू काफी समय से गाजियाबाद स्थित शॉपिंग मॉल में बतौर कैशियर था। ग्राम प्रधान लाल्ला ने बताया कि मॉल में कुछ समय पूर्व किसी व्यक्ति के साथ मिंटू का विवाद हो गया था। वह मामला न्यायालय में विचाराधीन है। बुधवार दोपहर मिंटू अपने ड्राइवर रवि के साथ स्कार्पियो से न्यायालय की ओर जा रहा था। इसी बीच बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने अंधाधुंध गोलियां बरसाकर मिंटू की हत्या कर दी तथा ड्राइवर रवि घायल हो गया। मामले की सूचना परिवार के लोगों को फोन से दी गई। मिंटू की हत्या की सूचना पर परिवार में मातम पसर गया। परिवार के लोग बुधवार को ही गाजियाबाद रवाना हो गए थे। बृहस्पतिवार सुबह मिंटू का शव गांव में लाया गया। परिवार के लोगों का रो रोकर बुरा हाल हो गया। बाद में गमगीन माहौल में मिंटू का अंतिम संस्कार कर दिया गया। उसकी हत्या से गांव में शोक छाया है।