कैराना। सड़क हादसे में घायल कार मिस्त्री की उपचार के दौरान मौत हो गई।
मोहल्ला आल खुर्द नो गजा पीर निवासी 50 वर्षीय अलामद्दीन उर्फ धोला की नगर के पब्लिक इंटर कॉलेज के सामने कार मिस्त्री की दुकान है। अलामद्दीन के बेटे सारिक ने बताया कि मंगलवार को उसके पिता अपने साथी कायस्थवाडा निवासी स्पेयर पार्ट्स की दुकान करने वाले शहजाद के साथ बाइक द्वारा पानीपत एक मुकदमे की तारीख करने गए थे। मंगलवार दोपहर करीब 1:00 बजे वापस लौटते समय हरियाणा में निम्बरी से पहले पीछे से आ रही कार ने बाइक में टक्कर मार दी जिससे दोनों घायल हो गए थे। शहजाद को हल्की चोट आई थी जबकि उसके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उनके पिता को पहले पानीपत अस्पताल में भर्ती कराया जहां से रात में ही उन्हें दिल्ली सफदरजंग अस्पताल में रेफर कर दिया था। बुधवार सुबह करीब 10:00 बजे दिल्ली अस्पताल में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। वे दो भाई और दो बहने हैं, जिनमें से एक बहन अभी अविवाहित है। वहीं देर शाम दिल्ली में पोस्टमार्टम के बाद शव को उनके आवास पर कैराना लाया गया। बाद में गमगीन माहौल में शव को कब्रिस्तान में सुपुर्द ए खाक कर दिया।