कैराना। कस्बा कैराना में शामली रोड पर रात में पैदल सड़क पार कर रहे मोहल्ला आलकला निवासी बर्तन विक्रेता नदीम (47) की बाइक की टक्कर लगने से मौत हो गई। नदीम की मौत पर परिजनों में गम का माहौल है। शनिवार रात करीब नौ बजे मोहल्ला आलकलां निवासी नदीम अपने बेटे के साथ बाइक से शामली रोड पर मनीष सिनेमा हाल के पास सामान खरीदने जा रहा था। नदीम सड़क किनारे बाइक खड़ी करके पैदल सड़क पार करने लगा। इस दौरान तेज गति से आ रही बाइक ने नदीम को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद आरोपी चालक बाइक को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने बाइक को अपने कब्जे में ले लिया। परिजन गंभीर रूप से घायल नदीम को पहले शामली ले गए, जहां से उसे रेफर कर दिया। बाद में परिजन घायल को पानीपत प्राइवेट हास्पिटल ले गए, जहां कुछ देर बाद ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जानकारी ली। संवाद