शामली। थाना आदर्श मंडी पुलिस ने फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर अश्लील मेसेज भेजने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है।
आदर्श मंडी थानाक्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने कुछ दिन पहले एसपी अजय कुमार को प्रार्थना पत्र सौंपा था। बताया था उनकी पत्नी के नाम से अज्ञात व्यक्ति द्वारा उसकी पुत्री की फोटो लगाकर फर्जी फेसबुक आईडी बनाई। पत्नी और उसके पुत्र के फोटो टाइमलाइन पर अश्लील मेसेज के साथ पोस्ट कर दिए। एसपी ने इस मामले की जांच साइबर सेल प्रभारी एवं आदर्श मंडी थानाध्यक्ष कर्मवीर सिंह को सौंपी। साइबर सेल की जांच में शिकायत सही मिलने पर आदर्श मंडी थाने पर मुकदमा दर्ज किया गया। जांच में आरोपी की पहचान सोनू चौधरी उर्फ इसरार निवासी गांव बावली थाना बड़ौत जिला बागपत के रूप में हुई। थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी को शामली के दिल्ली बस अड्डा से गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से फर्जी फेसबुक आईडी बनाने और चलाने में प्रयुक्त मोबाइल बरामद हुआ।