कांधला के गांव मीमला में घायल जयदेव।
कांधला। गांव मीमला में मामूली कहासुनी को लेकर चचेरे भाई ने तमंचे से गोली चलाकर युवक को घायल कर दिया। घायल के दोनों पैर में गोली के छर्रे लगे हैं। घायल का अस्पताल में उपचार कराया गया है। पुलिस को घटना की तहरीर दी गई है।
गांव मीमला निवासी अमरदेव कुमार ने कांधला थाने पर तहरीर देकर बताया उसका भाई जयदेव रविवार रात करीब साढ़े आठ बजे अपने घर के बाहर गली में खड़ा था। आरोप है कि उसी समय उसका चचेरा भाई मोनू तमंचा लेकर आया। जयदेव ने उसे घर जाने के लिए कहा तो उसने गाली गलौज करते हुए तमंचे से फायर कर दिया जिसमें एक अन्य युवक बाल-बाल बच गया। आरोपी चचेरे भाई ने फिर तमंचे से दूसरी गोली चलाई। पैर में गोली के छर्रे लगने से जयदेव गंभीर घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन व ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल का अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर सीओ कैराना अमरदीप मौर्य व थाना प्रभारी सूबे सिंह मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। कांधला थाना प्रभारी का कहना है कि घटना की जानकारी मिली है। मामले में तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।