- दो महिलाओं में मिले कोरोना के संदिग्ध लक्षण, जांच रिपोर्ट का इंतजार
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। जिले में कोरोना संक्रमण पांव पसार रहा है। पिछले 12 दिन में चार लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है। इनके अलावा दो महिलाओं में कोरोना केे संदिग्ध लक्षण मिले हैं, जिनके नमूने लेकर जांच को भेजे गए हैं। उधर, गांव टिटौली में मिले कोरोना संक्रमित के परिजनों के नमूनों की रिपोर्ट अभी नहीं आई है।
जिले के थानाभवन क्षेत्र के गांव में 17 मार्च को कोरोना का नया केस मिला था। स्वास्थ्य टीम ने उनके परिजनों के नमूने लिए थे। परिजनों के नमूनों की जांच रिपोर्ट नेगेटिव आने पर स्वास्थ्य विभाग ने राहत महसूस की थी। इसके बाद एक सप्ताह पहले ऊन क्षेत्र में दो लोगों में और एक दिन पहले शामली क्षेत्र के गांव टिटौली निवासी व्यक्ति की आरटीपीसीआर जांच में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उनके घर पहुंचकर परिजनों और संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने वाले लोगों के नमूने लेकर आरटीपीसीएआर जांच को भेजे हैं, जिनकी अभी रिपोर्ट नहीं आई है। इस तरह से पिछले 12 दिन में जिले में कोरोना के चार केस मिल चुके हैं।
इसके अलावा शामली क्षेत्र व बाबरी में भी कोरोना के संदिग्ध लक्षण वाले दो संदिग्ध केस मिले हैं। ये दोनों महिलाएं बताई गई है। उनके नमूने लेकर आरटीपीसीआर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। उनकी जांच रिपोर्ट आने के बाद कोरोना होने या न होने की पुष्टि हो सकेगी। जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. जाहिद अली त्यागी ने बताया कि जिले में अब तक कोरोना के चार केस मिले हैं,जिनमें तीन ठीक हो चुके हैं।