ठेकेदार पर जेसीबी से पेड़ नष्ट कराने का आरोप
कैराना। पानीपत रोड से नंगलाराई तक करीब पांच किलोमीटर यमुना बंधे के दोनों और लगे कीकर आदि के हरे भरे पेड़ जेसीबी से नष्ट करने के मामले में दो किसानों ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। गांव नंगलाराई निवासी महबूब और नसीरा ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि यमुना पुल से नंगलाराई तक रेत खनन ठेकेदार ने तटबंध के दोनों किनारों पर लगे कीकर आदि के सैकड़ों हरे भरे पेड़ जेसीबी से तोड़कर नष्ट कर दिए, जिससे पर्यावरण को भी नुकसान हुआ है। इस मामले में कोतवाली प्रभारी यशपाल धामा ने बताया कि पेड़ नष्ट करने की तहरीर मिली है। जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उधर, इस मामले में वन रेंजर धर्मवृत से फोन पर संपर्क किया, तो उन्होंने कहा कि वे जरूरी मीटिंग में हैं कल बात करेंगे।