कैराना। खेत में ट्रांसफार्मर की लाइन जोड़ते समय करंट लगने से संविदाकर्मी लाइनमैन की मौत हो गई।
गांव बराला कुकरहेड़ी निवासी 48 वर्षीय इनाम कसरेवा विद्युत उपकेंद्र पर संविदा कर्मी लाइनमैन के पद पर तैनात था। रविवार अपराह्न करीब तीन बजे इनाम ने कसेरवा विद्युत उपकेन्द्र से शट डाउन लिया और बराला कुकरहेड़ी में एक किसान के खेत में लाइन जोड़ने के लिए ट्रांसफार्मर के खंभे पर चढ़ गया।
इसी दौरान अचानक लाइन में करंट आ गया, जिससे इनाम बुरी तरह झुलस कर गिर गया। आसपास खेतों में काम कर रहे किसानों ने पुलिस व परिजनों को सूचना दी। जिसके बाद परिजन इनाम को शामली प्राइवेट हास्पिटल ले गए, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इनाम के छह बच्चे हैं, जिनमें से दो लड़कियों की शादी हो चुकी है। बाद में परिजन व पुलिस मृतक के शव को कैराना सीएचसी लाई। जहां शव का पंचनामा भर कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक इनाम के बेटे शाहनवाज ने बताया कि उनके पिता इनाम ने शट डाउन लिया था। उसके बावजूद लाइन में करंट आने से उनके पिता की मौत हो गई। मामले में कार्यवाहक कोतवाली प्रभारी एसएसआई ने बताया कि मामले में अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है।