संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। विकास प्राधिकरण की अवैध कालोनियों के विरुद्ध कार्रवाई जारी है। शनिवार को विकास प्राधिकरण की टीम ने तीन अवैध कालोनियों के निर्माण कार्यों को बुलडोजर की सहायता से ध्वस्त कर दिया।
विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष आशीष कुमार ने बताया कि शनिवार को तीन अवैध कालोनियों में हो रहे निर्माण कार्यों को ध्वस्त किया गया। पुंवारका विकास खंड कार्यालय के सामने करीब 22 बीघा जमीन को भूखंडों में विभाजित कर सडकों का निर्माण किया जा रहा था। छजपुरा तिवाया रोड पर करीब छह बीघा भूमि पर अनाधिकृत कालोनी में निर्माण हो रहा था। तिवाया रोड पर ही लगभग 50 बीघा में अवैध रूप से कालोनी विकसित की जा रही थी। इन सभी अवैध कालोनियों में बुलडोजर की सहायता से निर्माण कार्यों को ध्वस्त किया गया। इस दौरान सहायक अभियंता सार्थक शर्मा, अवर अभियंता रोहित कुमार एवं प्रदीप गोयल, मेट विश्वास कुमार, अमरनाथ, अरविन्द कुमार, सतेंद्र कुमार और थाना जनकपुरी का पुलिस बल मौजूद रहा।