थानाभवन। नगर के विकास के लिए कस्बे में विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत करोड़ों रुपये के विकास कार्यों का शिलान्यास किया गया।
रविवार को नगर पंचायत चेयरमैन राव मुशयदा के पति हाजी राव जमशेद व नगर पंचायत सभासदों ने कस्बा स्थित चरथावल बस स्टैंड में नई दुकानों के निर्माण व अन्य सुंदरीकरण के कार्यों के लिए शिलान्यास किया।
अधिशासी अधिकारी जितेंद्र राणा ने बताया कि विगत बैठकों में नगर के विकास एवं सुंदरीकरण के जो प्रस्ताव पारित हुए थे। इनमें से थाने के सामने भव्य नगर पंचायत द्वार, चरथावल बस स्टैंड का सुंदरीकरण, 10 नई दुकानों का निर्माण कार्य का शिलान्यास रविवार को किया गया। इसके अलावा मोहल्ला नबीपुरा, अस्पताल कॉलोनी, रेती सराय, अग्रवाल कॉलोनी आदि में भी कार्य शुरू कराया गया। 50 से ज्यादा सड़कों पर शीघ्र निर्माण कार्य प्रारंभ होगा। नगर पंचायत अध्यक्ष ने बताया कि 15वें वित्त आयोग से प्राप्त धनराशि नगर के विकास में ही लगाई जाएगी। जो सड़कें जर-जर हालत में हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर बनाया जाएगा। कुछ मोहल्लों में पेयजल व्यवस्था ठीक नहीं है, उन मोहल्लों में पाइप लाइन डलवाई जा रही है। मौके पर हाजी राव जमशेद, सभासद दिनेश कुमार, महबूब अहमद, जयभगवान, अनिल कुमार, नौशाद ठेकेदार, अंसार राणा, डॉ़ फुरकान, डॉ़ मुस्तकीम, इरशाद अंसारी, जहीर आदि मौजूद रहे।