शामली। चार दिन पूर्व जनपद के गांव लांक में किसान को गोली मारने के मामले में कांग्रेसियों ने कार्रवाई की मांग की है। जिलाध्यक्ष दीपक सैनी के साथ कांग्रेस कार्यकर्ता अस्पताल में भर्ती कुलदीप मलिक से मिले और हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।
लांक गांव में चार दिन पूर्व कुलदीप पुत्र ऋषिपाल मलिक को उसके खेत में गोली मारकर आरोपी फरार हो गए थे। पीड़ित को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां से गंभीर हालत में निजी नर्सिंग होम में रेफर कर दिया गया था। कांग्रेस जिलाध्यक्ष दीपक सैनी, युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव अश्वनी शर्मा, बागपत युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष निशांत तोमर व जिला महासचिव रूपक तोमर ने अस्पताल पहुंचकर पीड़ित परिवार से वार्ता की।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने बताया कि सत्ता पक्ष के नेताओं के दबाव में आकर दोषियों के विरुद्ध प्रशासन कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है। इस मामले में एसपी से बात की गई थी, लेकिन कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला। पीड़ित पक्ष पर फैसला करने का दबाव बनाया जा रहा है। आरोपी दिल्ली पुलिस में है, पूरी पठकथा लिखने के बाद घटना को अंजाम दिया गया है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि मामले को लेकर जल्द ही एसपी से मिलेंगे। हमें प्रशासन की कार्यशैली पर पूरा विश्वास है। आदेश कुमार, महावीर सैनी, रिजवान आदि मौजूद रहे।