शामली, चौसाना। क्षेत्र के गांव नाई नंगला नवीन में दो पक्षों में जमकर संघर्ष हुआ। जिसमें दोनों पक्षों के महिला सहित पांच लोग घायल हो गए। एक पक्ष का आरोप है कि मुकदमे में गवाही न देने का विरोध करने पर बम से उड़ाने की धमकी दी गई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
चौसाना के गांव नाईनंगला नवीन में शौकत पुत्र रफीक खेत में चारे की फसल की बुवाई कर रहा था। तभी शौकीन पक्ष एक दर्जन लोग आए और वर्ष 2016 में दर्ज मुकदमे में गवाही न देने की धमकी देने लगे। आरोप है कि शौकत ने विरोध किया तो दोनो पक्षों के लोग आमने सामने आ गए। दोनों पक्षों में हुए संघर्ष में एक महिला अफसाना सहित सनव्वर, शौकत, राकिब व इरशाद को गंभीर चोट आई। शौकत पक्ष ने पुलिस को बताया कि इशरार पुत्र लश्कर ने बम से उड़ाने की धमकी दी है। आरोप है कि आतंकी गतिविधि में पकड़ा गया शहजाद आरोपी इसरार का बेटा है।
पुलिस ने शौकत पक्ष की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपों की जांच के साथ गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।