शामली तहसील दिवस में शिकायत सुनते एडीएम और एसपी।
- फोटो : अमर उजाला
शामली। अपर जिलाधिकारी शिव बहादुर सिंह की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान 65 शिकायतें प्राप्त हुई, जिनमें से एक भी शिकायत का मौके पर निस्तारण नहीं हो सका।
इस दौरान गोमतीपुर निवासी रिशीराम पुत्र सेवाराम ने शिकायत कर कहा कि उनके मोहल्ले में लगे सरकारी हैंडपंप को प्रधान के पति ने उखड़वा दिया और अपने पक्ष के लोगों के यहां लगवा दिया है। इसी गांव के राजेश पुत्र नानकचंद ने शिकायत कर कहा कि गांव के नाले की जमीन को कुछ लोगों ने अपने खेतों में मिला लिया है, जिससे दूषित पानी की निकासी नहीं हो रही है। वहीं, आर्यपुरी जलालाबाद निवासी रहीसुद्दीन ने चकरोड की जमीन से अवैध कब्जा हटवाने की मांग की। रहीसुद्दीन ने बताया कि पूर्व में छह बार वह शिकायत कर चुका है तथा जिलाधिकारी भी कार्रवाई का आदेश दे चुके हैं। गांव हुरमजपुर निवासी ब्रजेश ने रामपुर खेड़ी में अपनी जमीन से अवैध कब्जा हटवाने की मांग की। गांव फतेहपुर निवासी नरेंद्र ने गांव के ही एक व्यक्ति पर आरोप लगाया कि धोखाधड़ी कर बैंक से उसके नाम पर ऋण ले लिया है, अब बैंक वाले उसे परेशान कर रहे हैं। गांव कुरमाली निवासी विकास कुमार ने शिकायत की कि मुख्य मार्ग की जमीन को एक किसान ने अपने खेत में मिला लिया है, उसे कब्जा मुक्त कराया जाए।
बुटराड़ा निवासी सनाउल्ला ने शिकायत कर गांव में इंटरलॉकिंग कार्य में आड़े आ रहे एक व्यक्ति के मकान की दीवार हटवाने की मांग की। गढ़ीपुख्ता निवासी जय कुमार ने अपनी जमीन से दूसरे पक्ष का अवैध कब्जा हटवाने और गांव कुड़ाना निवासी मदन ने चकरोड़, नाली और कृषि भूमि से अवैध कब्जा हटवाने की मांग की। इस दौरान पुलिस अधीक्षक डाक्टर अजयपाल शर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक जगदीश शर्मा, एसडीएम सुरजीत सिंह, तहसीलदार राकेश त्यागी आदि जनपदीय अधिकारी उपस्थित थे। उधर, ऊन तहसील में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में एसडीएम विनोद कुमार सिंह ने शिकायतें सुनीं। इस दौरान 28 शिकायतें प्राप्त हुई, जिनमें से दो शिकायतों का मौके पर निस्तारण कर दिया गया। अन्य शिकायतें संबंधित विभाग के अधिकारियों के पास निस्तारण के लिए भेज दी गईं।