शामली। जिले के सभी 25 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित मुख्यमंत्री आरोग्य मेले में ठंड लगने से बीमार लोगों की संख्या ज्यादा रही। पिछले सप्ताह के मुकाबले इस बार 110 मरीज ज्यादा पहुंचे। पिछले सप्ताह 1209 मरीज पहुंचे थे, इस बार 1319 मरीजों की जांच कर उपचार दिया। इस दौरान आयुष्मान भारत योजना के 119 लाभार्थियों के गोल्डन कार्ड भी बनाए गए।
आरोग्य मेलों में 430 पुरुष मरीज और 682 महिलाएं और 207 बच्चों की भी जांच कर दवा दी गई। आरोग्य मेले में ठंड लगने से नजला, जुकाम, खांसी और वायरल बुखार के मरीज ज्यादा आए। इस तरह के मरीजों की संख्या लभग 40 प्रतिशत रही। इसके अलावा गर्भवती महिलाओं की जांच, त्वचा, पेट दर्द, गैस, कब्ज, जोड़ों में दर्द आदि के मरीज भी उपचार के लिए पहुंचे। सीएमओ डॉ. संजय अग्रवाल ने बताया कि सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित आरोग्य मेले में 1319 मरीजों की जांच कर उपचार दिया गया। सबसे अधिक 65 मरीज चौसाना पीएचसी पर और सबसे कम 42 मरीज राजपुर छाजपुर पीएचसी पर रहे। आरोग्य मेले में 25 चिकित्सक और 94 पैरा स्टाफ की ड्यूटी रही।