चौसाना आपस में भिड़ते डंफर चालकों के गुट।
- साइड देने को लेकर डंपर चालकों में हुआ था विवाद
- पुलिस ने तीन का किया शांति भंग में चालान
संवाद न्यूज एजेंसी
चौसाना। कस्बे में गंगोह चौराहे पर खनन करके लौट रहे डंपर चालकों के दो गुटों में मारपीट हो गई। इस दौरान जमकर लाठी-डंडे चले। जिससे चौराहे पर अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीन को हिरासत में लिया। जबकि कुछ भाग निकले। पुलिस ने रेत के डंपरों को हरी झंडी देकर चलता कर दिया। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। चौसाना चौकी क्षेत्र के गांव भड़ी में यमुना से रेत उठाने के लिए किसान के नाम पर तीन महीने के लिए मियादी पट्टा हुआ है। रविवार की सुबह रेत भरकर लौट रहे दो डंपर चालकों के बीच साइड को लेकर विवाद हो गया। जिसमें जमकर डंडे चले। आधा दर्जन से अधिक युवक लाठी-डंडे एक-दूसरे पर टूट पड़े।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और तीन युवकों को हिरासत में लिया। पुलिस ने पकड़े गए राशिद पुत्र आकिल निवासी चौसाना, सोनू व आकिल पुत्रगण सत्तार निवासी नया कुंडा जिला सहारनपुर का शांति भंग में चालान कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो पुलिस ने रेत के डंपरों को वहां से जाने दिया। दो पक्षों में हुई मारपीट के घटनास्थल से महज 50 मीटर की दूरी पर डायल 112 खड़ी रहती है। डायल 112 पर पुलिसकर्मियों की हिम्मत इतनी भी नही हुई कि विवाद को रोका जा सके। इसके अलावा चौसाना पुलिस की पिकेट भी चौराहे पर तैनात रहती है, लेकिन विवाद के दौरान पुलिसकर्मी नदारद थे।
चौसाना आपस में भिड़ते डंफर चालकों के गुट।