शामली। मंगलवार को हुई बारिश से जहां मौसम में ठंडक का अहसास हुआ, वहीं नगर पालिका की सफाई व्यवस्था की पोल खुल गई। शहर में कई जगह जलभराव होने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। दिन में कई बार रूक-रूककर बारिश हुई। अधिकतम तापमान 33 तो न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मंगलवार को सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए थे। हालांकि पिछले कई दिन से लोग गर्मी के कारण परेशान थे। सुबह करीब 11 बजे अचानक ही तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश के कारण फव्वारा चौक, कबाड़ी बाजार, बड़ा बाजार, गांधी चौक, मिल रोड, नेहरु रोड, टंकी रोड, ब्लाॅक रोड, मोहल्ला रेलपार, माजरा रोड, झिंझाना रोड, कैराना रोड आदि क्षेत्रों में सड़कों पर जलभराव हो गया ।बारिश से सड़कों हुए गड्ढों में पानी भरने से पैदल व वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
दोपहर बाद तक तेज बारिश होती रही। उधर, बारिश में बच्चे और बड़े नहाते हुए नजर आए। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को भी बारिश की संभावना है।
किसानों पर मौसम मेहरबान
बारिश से किसानों के चेहरे खुशी से खिल उठे। गर्मी में किसानों को चारा, ईख और सब्जी की फसल में सिंचाई की आवश्यकता पड़ती है। बारिश के कारण अब उन्हें सिंचाई नहीं करनी पड़ेगी। किसान रमेश कुमार, मनीष, सोहनवीर आदि का कहना है कि फसलों में कई बार सिंचाई करनी पड़ती थी। इस बार मौसम किसानों पर मेहरबान दिखाई दे रहा है।
शामली माजरा रोड पर जल भराव