कॉपी किताब रखकर लिखने पढ़ने के लिए मिलेंगी डेस्क
जिले में 108 आंगनबाड़ी केंद्रों पर डेस्क व मैट के लिए जारी हुआ बजट
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। आंगनबाड़ी केंद्रों पर अब बच्चे टाट पट्टी पर बैठकर नहीं पढ़ेंगे। अब बच्चे फोम के मैट पर बैठकर पढ़ाई करेंगे। शासन ने जिले के 108 आंगनबाड़ी केंद्रों पर फोम का मैट और कॉपी किताबें रखने के लिए डेस्क उपलब्ध कराने के लिए पिछले साल और मौजूदा वर्ष का बजट जारी कर दिया है।
जिले में 255 आंगनबाड़ी केंद्र हैं। इन आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चे टाट पट्टी पर बैठकर पढ़ाई करते हैं। टाट पट्टी से छुटकारा दिलाने के लिए शासन ने इन केंद्रों पर फोम का मैट और डेस्क उपलब्ध कराने के लिए बजट जारी किया है। जिले में पिछले साल 39 आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए बजट स्वीकृत हुआ था, लेकिन किसी वजह से जारी नहीं हो सका था।
इस साल में 69 आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए बजट स्वीकृत किया। शासन ने अब दोनों साल का बजट एक साथ 109 आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए जारी कर दिया है। पिछले साल के 39 आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए प्रति आंगनबाड़ी केंद्र 15,500 रुपये के हिसाब से 4 लाख 4 हजार 500 रुपये का बजट मिला है। जिसमें प्रत्येक केंद्र पर 10 डेस्क और फोम के मैट उपलब्ध कराए जाएंगे।
इस साल जिन 69 आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए प्रत्येक के लिए 20 हजार रुपये यानि 13 लाख 80 हजार रुपये का बजट मिला है। जिनमें 14 डेस्क और फोम के मैट खरीदे जाने हैं। फोम के मैट से बच्चों को बैठने में आराम रहेगा और डेस्क पर कॉपी किताब रखकर लिखने व पढ़ने में सुविधा रहेगी।
बेसिक शिक्षा समग्र शिक्षा के जिला समन्वयक अमित कुमार ने बताया कि 108 आंगनबाड़ी केंद्रों पर फोम का मैट और डेस्क के लिए शासन से बजट मिल गया है। जल्द ही मैट व डेस्क उपलब्ध कराया जाएगा।
जैम पोर्टल से होगी खरीद, समिति करेगी निगरानी
जिला समन्वयक अमित कुमार ने बताया आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए फोम का मैट व डेस्क की खरीद जैम पोर्टल के माध्यम से होगी। सामान की खरीद के लिए डीएम की अध्यक्षता में गठित समिति द्वारा निगरानी व देखरेख की जाएगी। समिति में सीडीओ, डीआईसी, डायट प्राचार्य, बीएसए, डीडीओ, बेसिक शिक्षा विभाग के वित्त एवं लेखाधिकारी और पॉलीटेक्निक के प्रवक्ता शामिल रहेंगे।