मौसम में बदलाव बिगाड़ रहा सेहत, मरीज बढ़े
शामली। मौसम में एक बार फिर बदलाव हो रहा है। दिन में मौसम गर्म और रात में ठंडा होना शुरू हो गया है। इसका असर लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है। अस्पताल में आने वाले मरीजों में 25 से 30 प्रतिशत मरीज वायरल संक्रमण नजला, जुकाम, खांसी के आ रहे हैं। चिकित्सकों का कहना है कि बदलते मौसम में बीमारियों से बचने के लिए सावधानी बरतनी जरूरी है।
जिले में एक सप्ताह से मौसम बदल रहा है। दिन में मौसम गर्म रहता और रात में ठंडा हो जाता है। पिछले तीन दिन से सुबह और रात में मौसम ठंडा रहता है। इस मौसम में लापरवाही सेहत के लिए खतरा बन सकती है, इसलिए खानपान से लेकर कपड़े पहनने के चयन में सावधानी बरतने की जरूरत है।
उधर, मौसम में बदलाव शुरू होने पर अस्पताल में वायरल के मरीज बढ़ गए हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 800 के करीब मरीज आ रहे हैं। इनमें सबसे ज्यादा 25 से 30 प्रतिशत मरीज वायरल संक्रमण के नजला, जुकाम व खांसी के आ रहे हैं। सीएचसी के चिकित्साधीक्षक डॉ. रामनिवास ने बताया कि रात में ठंडा और दिन में मौसम गर्म रहने की वजह से वायरल वायरल संक्रमण होने की आशंका रहती है। इस समय मौसम में बदलाव का सेहत पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है, जिस कारण सबसे ज्यादा मरीज वायरल बुखार, नजला, जुकाम व खांसी के आ रहे हैं। अस्पताल में आने वाले सभी मरीजों की जांच कर उपचार व दवा उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि मौसम के अनुसार सुबह व शाम को कपड़े पहनने चाहिए और खानपान में सावधानी बरतनी चाहिए।
-
ये बरतें सावधानी :
- ठंडे पानी व शीतल पेय पदार्थों का सेवन न करें।
- बाजार में बने खाद्य पदार्थों का सेवन करने से बचें।
- पौष्टिक आहार लें ताकि शरीर की प्रतिरोधक क्षमता बनी रहे।
- वायरल संक्रमण से बचाव के लिए सूती वस्त्र ज्यादा पहनें।
- नियमित रूप से योग और व्यायाम करें।
- खांसी या फेफड़ों संबंधी परेशानी होने पर नमक के गुनगुने पानी से गरारे करें व भाप लें।
- कोई भी समस्या होने पर चिकित्सक की सलाह लें और उपचार कराएं।