प्रशिक्षण प्राप्त पुलिसकर्मियों को प्रमाण पत्र वितरित किए
शामली। पुलिस लाइन में यूपी-112 का प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले पुलिसकर्मियों को एसपी ने प्रमाण पत्र प्रदान किए।
शुक्रवार को पुलिस लाइन शामली में चल रहे नौ दिवसीय यूपी-112 रिफ्रेशमेंट कोर्स का समापन हुआ। इस प्रशिक्षण में एक उपनिरीक्षक, 14 हेडकांस्टेबल और 29 कांस्टेबल ने प्रशिक्षण प्राप्त किया। प्रशिक्षण कोर्स के समापन समारोह में एसपी विनीत जायसवाल ने सभी 44 पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षण प्रमाण पत्र वितरित किए। इस अवसर पर एसपी ने पुलिसकर्मियों से कहा कि वे कर्तव्य पालन के दौरान मधुर व्यवहार रखें। अपने कर्तव्य के प्रति ईमानदार रहे और अपनी विशेष पहचान बनाएं। डायल-112 की आई कॉल को तत्काल अटैंड कर उनको गुणवत्ता पूर्वक निस्तारित करें। एसपी ने कहा कि जनपद में चल रही यूपी-112 का पूर्व में सराहनीय कार्य रहा है तथा प्रदेश में कई बार प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इन गाड़ियों का रेस्पांस टाइम भी कम रहा है। उन्होंने इसे और बेहतर बनाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर एएसपी राजेश कुमार श्रीवास्तव मौजूद रहे।