- बिना अनुमति के रोड शो निकालने का मामला
- जिले में लागू धारा 144 के उल्लंघन करने का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। शहर में बिना अनुमति के रोड शो निकालने के मामले में हरियाणा के कलाकार अंकित बालियान और लगभग 40 अज्ञात समर्थकों के खिलाफ धारा 144 का उल्लंघन करने का मामला दर्ज किया है।
हरियाणा के कलाकार अंकित बालियान बुधवार शाम को शामली आए थे। गांव लिलौन बाईपास पर युवाओं ने उनका स्वागत किया था। इसके बाद शहर में रोड शोे निकाला गया। इस दौरान उनके काफिले में शामिल गाड़ियां, बाइक व ट्रैक्टर पर सवार युवाओं ने शहर के बीच मुख्य मार्ग से जाते हुए हुड़दंग मचाया था। गाड़ी पर लगा हूटर लगातार बजाया जाता रहा। युवा कार की छत पर बैठे तो कुछ खिड़कियों पर लटके हुए थे। इस दौरान शहर में भी अफरा तफरी का माहौल बन गया था। इस दौरान पुलिस मूकदर्शक बनी रही थी, हालांकि बाद में अधिकारियों को सूचना मिली तो धीमानपुरा रेलवे फाटक पर उन्हें रोक दिया गया था और वहां से ज्यादातर कार व बाइकों को वापस भेज दिया गया था।
शहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजीव भटनागर ने बताया जिले में धारा 144 लागू है। अंकित बालियान के रोड शो की कोई अनुमति नहीं ली गई थी। उन्होंने बताया कि कोतवाली के निरीक्षक केपी सिंह की तरफ से हरियाणा कलाकार अंकित बालियान निवासी गांव बंतीखेड़ा और 35-40 समर्थकों के खिलाफ धारा 144 का उल्लंघन करने के आरोप में धारा 188 के तहत मामला दर्ज किया गया है।