कैराना में शामली बाइपास पर क्षतिग्रस्त कार
- पानीपत से दवाई लेकर लौट रहा था परिवार, महिला की मौत पर परिवार में मचा कोहराम
फोटो
कैराना (शामली)। नेशनल हाईवे 709 एडी पर फ्लाईओवर के निकट आगे का टायर फटने के कारण कार डिवाइडर से टकराकर कार पलट गई। हादसे में कार सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई। परिजन बिना किसी कार्रवाई के शव को ले गए।
शामली के मोहल्ला काकानगर निवासी यश सोमवार दोपहर करीब एक बजे अपनी मां सविता (46) और दादा सुरेंद्र के साथ पानीपत से दवा लेकर कार से घर लौट रहा था। जब वे शामली बाईपास फ्लाईओवर के निकट पहुंचे, तभी अचानक कार का चालक की ओर का अगला टायर फट गया, जिस कारण कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और पलट गई। हादसे में कार सवार सविता गंभीर रूप से घायल हो गई। जबकि यश व सुरेंद्र बाल-बाल बच गए।
राहगीरों की सूचना पर एंबुलेंस मौके पर पहुंची तथा महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने सविता को मृत घोषित कर दिया। सूचना पाकर पुलिस भी अस्पताल में पहुंची और हादसे के संबंध में जानकारी हासिल की। इस दौरान परिजनों ने कानूनी कार्रवाई से इंकार कर दिया। हादसे से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि परिजनों ने महिला के शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया। इसके बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।